उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी के समानांतर कार्यक्रम कराने पर पूर्व सीएम हरीश रावत अपना स्पष्टीकरण देने सात अक्तूबर को दिल्ली आएंगे। यह कहना ठीक नहीं है कि अनुशासनहीनता है। स्पष्टीकरण व उनका पक्ष सुनने के बाद ही अगला कदम उठाने पर विचार करेंगे।
व्यक्तिगत अभियान को पार्टी स्वीकार नहीं करेगी: वेणुगोपाल
पूर्व सीएम हरीश रावत ने जनसंवाद यात्रा शुरू करने पर दिल्ली जाकर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर राज्य में आगामी चुनाव को लेकर चल रहे अभियान पर चर्चा की।वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया गया कि उत्तराखंड के सभी नेताओं के साथ मिलकर कांग्रेस के अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। यह अभियान कांग्रेस के बैनर तले राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जाएगा। इसका एकमात्र लक्ष्य पार्टी की जीत सुनिश्चित करना होगा।पार्टी व्यक्तिगत स्तर पर चलाए जाने वाले अभियानों को स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी संगठन की ओर से तय कार्यक्रमों के अनुसार, केवल सामूहिक कार्यक्रम ही आयोजित किए जाएंगे। पार्टी को भरोसा है कि प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा व मेहनत के बल पर आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत होगी।