स्विट्जरलैंड को दुनिया भर में चीज के लिए जाना जाता है। ऐसे में जब स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन भारत के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर पहुंचे, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारतीय चीज का खास तोहफा दिया। नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान मोदी ने पार्मेलिन को गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर नाम के तीन पुरस्कार विजेता भारतीय चीज भेंट किए। इन तीनों चीज को भारत में विकसित हो रही चीज बनाने की परंपरा की पहचान के तौर पर पेश किया गया। खास बात यह रही कि यह तोहफा स्विट्जरलैंड की चीज परंपरा के बीच भारतीय स्वाद और हुनर को सामने रखता है।गुलमर्ग चीज की क्या खासियत है और इसे कौन सा पुरस्कार मिला?
गुलमर्ग फ्रांसीसी शैली का ब्री चीज है। यह दिल के आकार का नरम और क्रीमी चीज है, जिसे पाश्चुरीकृत गाय के दूध से तैयार किया जाता है। इसके ऊपर सफेद रंग की परत होती है और इसमें मिट्टी तथा मशरूम जैसी खुशबू और स्वाद महसूस होता है। गुलमर्ग चीज ने 2026 में ब्राजील में आयोजित मुंडियल डू केजो प्रतियोगिता में सुपर गोल्ड पुरस्कार जीता है। यह प्रतियोगिता चीज और डेयरी उत्पादों से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। इसी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के कारण गुलमर्ग को स्विस राष्ट्रपति के लिए दिए गए खास तोहफे में जगह मिली।

