आपदा से निपटने के लिए पुख्ता तैयारी: यूएसडीएमए की कॉन्फ्रेंस में बनी रणनीति, 25 से 28 नवंबर तक चलेंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम

आपदा प्रबंधन दिवस पर 28 नवंबर को प्रदेशभर में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित होगी। राज्य से तहसील स्तर तक करीब 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।

इस संबंध में मंगलवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें मॉक ड्रिल की तैयारियों, विभागों की जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने की घोषणा की है। इसी क्रम में 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन, स्थानीय समुदायों, प्रशासन और विभागों की आपदा प्रबंधन क्षमता मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा से पहले तैयारी, दौरान त्वरित प्रतिक्रिया और बाद में प्रभावी पुनर्बहाली पर जोर दिया जाएगा। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र, राजकुमार नेगी और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश पुनेठा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *