चुनावी तैयारियों में जुटी बीजेपी: प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने साझा की कार्ययोजना, महिला मोर्चा करेगा ड्रॉइंग रूम मीटिंग

उत्तराखंड में भाजपा अब हर विधानसभा में महिला विस्तारक नियुक्त करेगी। चुनावी तैयारियों के बीच कॉर्नर मीटिंग, रूम मीटिंग, किसान चौपाल, विधानसभा सम्मेलनों से मोर्चा, जनआशीर्वाद को प्रभावी बनाया जाएगा। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि भाजपा चुनावी संदेश को सभी वर्गों एवं क्षेत्रों में पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी मोर्चों, प्रकोष्ठों को दी गई है।पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में महामंत्री परिहार ने बताया कि पार्टी ने समाज के सभी वर्गों, जातियों और क्षेत्रों में जाने की दृष्टि से कार्य योजना बनाई है। इसके लिए पार्टी मोर्चों को चुनावी योजना के अनुसार कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम दिए गए हैं। जहां एक ओर 3032 शक्ति केंद्र पर युवा मोर्चा एक-एक कॉर्नर मीटिंग करेगा। इसी तरह विधानसभा स्तर पर मोटरसाइकिल रैली और महाविद्यालय, कोचिंग सेंटर आदि अनेक स्थलों पर युवाओं से संपर्क के साथ विधानसभा स्तर पर युवाओं के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त महिला मोर्चा प्रत्येक बूथ कुल 12,543 में ड्रॉइंग रूम मीटिंग का आयोजन करेंगी।

इसके अलावा, स्वयं सहायता समूहों और विधानसभा स्तर पर सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ-साथ किसान मोर्चा सभी 304 मंडलों में किसान चौपाल लगाएगा। एससी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा भी अपने-अपने स्तर से अपने समाज के कार्यक्रम और सम्मेलन विधानसभा स्तर पर करेंगे। प्रत्येक विधानसभा के अंतर्गत जो प्रबुद्ध जन हैं, उनको लेकर भी बड़े सम्मेलन होंगे।

प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि चुनाव के दृष्टिकोण से हमारी विस्तारक योजना भाजपा का एक अभिनव प्रयोग है। जहां हमने 70 विधानसभाओं में 70 पूर्णकालिक विस्तारक की नियुक्ति की है। आगामी दिनों में हम सभी विधानसभाओं में 70 महिला विस्तारक नियुक्त करने जा रहे हैं। ये सभी प्रवासी कार्यकर्ता होंगी, जो संबंधित विधानसभा में पार्टी के कार्यक्रमों को मातृशक्ति के मध्य विस्तार देंगे। पार्टी की सफलता में मातृशक्ति का योगदान अप्रतिम है। लिहाजा आगे भी उनके सहयोग से हम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। 65 के पार का जो लक्ष्य गृह मंत्री अमित शाह ने दिया, उसके लिए बनाई गई अलग-अलग रणनीति का यह अहम हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *