दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग की सीलिंग के अंदर अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताई जा रही है। गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। अफरातफरी के बीच करीब 15 मिनट में आग को काबू किया गया। इससे पहले भी अस्पताल में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे ओपीडी की पहली मंजिल पर रोज की तरह महिला एवं प्रसूति रोग विभाग के मरीज का पंजीकरण हो रहा था। इस दाैरान काउंटर के अंदर बैठे कर्मचारियों को ऊपर सीलिंग के अंदर शॉर्ट सर्किट का अंदेशा हुआ। उन्होंने सीलिंग के एक हिस्से से अंदर की तरफ देखा तो आग की लपटें उठ रहीं थी। कर्मचारियों ने आनन-फानन में फायर फाइटर्स और सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी।