अभिनेत्री उर्मिला सनावर को जेल से बाहर आने के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। दो अलग-अलग प्राथमिकी में जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। बृहस्पतिवार को उनके अधिवक्ता की ओर से दोनों जमानती न्यायालय में पेश किए गए, जिन्हें कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसी बीच करीब दो साल पुरानी एक अन्य प्राथमिकी में बी वारंट पर उर्मिला को जेल से न्यायालय में पेश किया गया। इस मामले में भी सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। हालांकि, कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने में समय लगने के कारण बृहस्पतिवार को उनकी रिहाई नहीं हो सकी। शुक्रवार को उन्हें जेल से रिहा किया जाएगा।
रानीपुर कोतवाली पुलिस ने 25 अक्तूबर को पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोप में उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका ने ये प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 25 तारीख को ही हरिद्वार कोर्ट में पुलिस ने उन्हें पेश किया था, जहां से जेल भेज दिया था। इस मामले में दो नवंबर को न्यायालय ने उर्मिला की जमानत मंजूर कर ली थी, लेकिन जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण रिहाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी।
इसके चलते उन्हें जेल में ही रहना पड़ा। बृहस्पतिवार को उर्मिला सनावर की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान की ओर से दोनों जमानती न्यायालय में पेश किए गए। कोर्ट ने जमानतियों के दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद उन्हें स्वीकार कर लिया। इससे उर्मिला की रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ गई। इसी दौरान करीब दो साल पुरानी एक अन्य प्राथमिकी में बी वारंट के तहत उन्हें जेल से न्यायालय लाया गया।

