केदारनाथ में चीरबासा हेलीपैड के पास एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में उखीमठ निवासी 65 वर्षीय मदन मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्र में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पैदल रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे मलबे की सफाई में काफी दिक्कतें आ रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ की पैदल यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है। वहीं लौटने वाले यात्रियों को जंगलचट्टी में रोका गया है।
पैदल यात्रा रोकी गई
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार, चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से गिरे बोल्डरों की चपेट में एक शख्स आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उखीमठ के 65 साल के मदन मोहन तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद हो गया है। इस कारण पैदल यात्रा रोक दी गई है।
जगह-जगह रोके गए यात्री
अधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश और पत्थर गिरने के कारण रास्ते को साफ करने में दिक्कत आ रही है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पैदल यात्रा रोक दी गई है। केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग, गौरीकुंड और वापस आने वाले यात्रियों को जंगलचट्टी में रोक दिया गया है। सभी तीर्थयात्रियों से मार्ग खुलने और प्रशासन से अनुमति मिलने तक पैदल मार्ग पर आगे नहीं बढ़ने को कहा गया है। मौसम अच्छा होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही बहाल की जाएगी।

