देहरादून वार्ड 78 टर्नर रोड के अंतर्गत आने वाली ब्रहमपुरी कॉलोनी ओगल भट्टा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण लोग काफी परेशान हैं, इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या 30 वर्षों से बनी हुई है। इस साल की तीसरी बारिश में ही जलभराव की समस्या ने इतना रौद्र रूप ले लिया कि बहता हुआ नाला ऊफान पर आ गया, घरों और दुकानों में पानी भरने से उनका सामान खराब हो गया। हाल ही में आई बारिश से क्षेत्र जलमगन हो गया, दीवारों में सीलन आई है और आवाजाही करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
लोगों ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र पिछले 30वर्षों से जलभराव की समस्या को झेलने को मजबूर है। यह क्षेत्र बरसात में बड़ी नदी के रूप में बदल जाता है। इस वजह से बारिश के पानी में लोगों का काफी सामान बह गया। घरों और दुकानों में पानी भरने से बेड, सोफे और राशन तक खराब हो गया है। इतना ही नहीं, पानी के साथ ही सांप, बिच्छु के आने का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि सबसे पहले तो यहां जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
साथ ही ब्रह्मपुरी कॉलोनी ओगल भट्टा और वाल्मिकी बस्ती में निगम की ओर से कूड़ा गाड़ी का संचालन फिर से किया जाना चाहिए। कूड़ा गाड़ी का संचालन नहीं होने से यहां के लोग नाले मेंऔर सड़क किनारे कूड़ा डाल देते हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सफाई न के बराबर और सड़क बदहाल है। ओगल भट्टा में आधी सड़क पक्की और आधी कच्ची है। कच्ची सड़क में जलभराव होने के कारण स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, बुद्धा टेंपल और सुभाष नगर की ओर आवाजाही करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

