Breaking News

गदरपुर में कथित धर्म परिवर्तन मामले में प्रशासन सख्त, अवैध प्रार्थना सभागार पर नोटिस, जांच शुरू

रुद्रपुर/गदरपुर : उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर तहसील क्षेत्र में कथित धर्म परिवर्तन और अवैध रूप से संचालित प्रार्थना सभागार के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित भवन पर नोटिस चस्पा कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामला गदरपुर क्षेत्र की बुढ़िया कॉलोनी मजरा शीला, रामजीवनपुर का है। प्रशासनिक जांच के दौरान पाया गया कि सुरेंद्र सागर द्वारा आवासीय भूमि पर कथित रूप से अवैध तरीके से एक धर्म विशेष के लिए प्रार्थना सभागार का निर्माण कराया गया है।

प्रशासन की कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोगों को डराकर और विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। लोगों का कहना है कि इस गतिविधि में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं, जो आसपास के गांवों में सक्रिय होकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने उपजिलाधिकारी गदरपुर को सुरेंद्र सागर और उनके सहयोगियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिस भूमि पर कथित रूप से अवैध सभागार का निर्माण किया गया है, उसके उपयोग और वैधता की जांच भी शुरू कर दी गई है।

अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने बताया कि संबंधित भवन पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About divyauttarakhand.com

Check Also

लगातार पांच साल से ‘बेस्ट शूटर’ का खिताब: जूनियर एशियन चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता यशस्वी जोशी की प्रेरणादायक कहानी

उत्तराखंड की बेटी यशस्वी जोशी ने शूटिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *