Breaking News

सीएम धामी का बड़ा फैसला: एक क्लिक में 7.56 लाख पेंशनर्स के खातों में पहुंची 111 करोड़ से अधिक की राशि

उत्तराखंड सरकार ने राज्य के लाखों पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने ‘वन क्लिक’ प्रणाली के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी करते हुए 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि भेजी।

इसमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन, परित्यक्ता पेंशन, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन योजना के लाभार्थी शामिल हैं। सरकार द्वारा जारी यह राशि पूरी तरह राज्य पोषित योजनाओं के अंतर्गत दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यही कारण है कि हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह के कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की आयु 59 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका सर्वे कर आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो सके।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि योजनाओं की वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए और समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को जानकारी के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।

सरकार के इस कदम से राज्य के लाखों बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

 

About divyauttarakhand.com

Check Also

बनबसा के मझगांव में हाथी का आतंक: आधी रात घरों पर बोला धावा, ग्रामीणों में दहशत

बनबसा में बीती रात्रि एक हाथी ने मझगांव के तीन घरों में आतंक मचा एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *