Dehradun: राजधानी में 13 दिनों में 15 मरीजों में डेंगू वायरस की हुई पुष्टि

देहरादून जिले में एक से 13 अप्रैल तक अलग-अलग निजी अस्पतालों में 15 मरीजों में डेंगू वायरस की प्रमाणिक पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सकते में है। चिकित्सकों के मुताबिक ये मरीज तेज बुखार और जोड़ों में तेज दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आए थे। डेंगू की एलाइजा जांच के बाद इन मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई है।

दून में अप्रैल महीने में ही डेंगू वायरस के मामले सामने आने से लोग हैरत में हैं। डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की रणनीति बनती इससे पहले ही डेंगू ने दस्तक दे दी। शहर के श्रीमहंत इंदिरेश और ग्राफिक एरा अस्पताल में 13 दिनों में की गई डेंगू वायरस की कुल एलाइजा जांचों की रिपोर्ट आने के बाद 15 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले।

इसमें श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में 13 और ग्राफिक एरा अस्पताल में दो मरीजों में डेंगू की प्रमाणिक पुष्टि हुई है। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल के मेडिसन विभाग के अध्यक्ष डॉ. नारायण जीत सिंह की मुताबिक डेंगू के समान लक्षण लेकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसमें पर्वतीय और मैदानी इलाकों से आने वाले मरीज शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग की बेखबरी के बीच दून पहुंचा डेंगू : देहरादून जिले में डेंगू के 15 मामले सामने आने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बेखबर है। अधिकारियों को तो इस संबंध में जानकारी ही नहीं है। यही कारण है कि डेंगू वायरस से निपटने के लिए अभी तक कोई खास तैयारी भी शुरू नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग की डेंगू वायरस से बेखबरी लोगों को संकट में डाल सकती है।

बचाव के उपाय

1- घर में फ्रिज और वाटर प्लांट में पानी एकत्रित न होने दें।
2- साफ खाद्य पदार्थों का सेवन करें।
3- ताजे फल खाएं और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *