Breaking News

नियम तोड़ने वालों पर चला DM का डंडा, 96 होमस्टे हुए बंद

देहरादून : देहरादून जिले में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे होमस्टे के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 96 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है।

जिला प्रशासन की टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई होमस्टे उत्तराखंड गृह आवास (होमस्टे) नियमावली के मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाए गए। प्रशासन ने प्रथम चरण में 17 और दूसरे चरण में 79 होमस्टे का पंजीकरण रद्द किया है। संबंधित होमस्टे को विभागीय वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में जांच के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई थीं। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई होमस्टे में रसोई की व्यवस्था नहीं मिली, अग्निशमन उपकरण अनुपलब्ध या एक्सपायर पाए गए। कुछ स्थानों पर होमस्टे का उपयोग बारातघर और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

प्रशासन को यह भी पता चला कि कई इकाइयों में स्वामी स्वयं निवास नहीं कर रहे थे और उन्हें किराये या लीज पर संचालित किया जा रहा था। निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन भी पाया गया। इसके अलावा विदेशी नागरिकों के ठहराव से संबंधित अनिवार्य सी-फॉर्म की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई थी।

 

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और स्थानीय लोगों की आय को बढ़ावा देना है, लेकिन कई स्थानों पर इनका संचालन होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान की तरह किया जा रहा था, जिससे अव्यवस्था बढ़ रही थी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

About divyauttarakhand.com

Check Also

नैनीताल में गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

नैनीताल जिले के भवाली-सेनिटोरियम रोड पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे उत्तराखंड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *