Breaking News

हरकी पैड़ी पर जिंदा पत्नी का ‘पिंडदान’! वायरल वीडियो से मचा बवाल, गंगा सभा ने उठाई कार्रवाई की मांग

धर्मनगरी हरिद्वार के विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी घाट से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों की धार्मिक भावनाओं को झकझोर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक कथित तौर पर अपनी जिंदा पत्नी की फोटो के साथ अशोभनीय व्यवहार करने के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, युवक गंगा किनारे पिंडदान जैसी क्रिया करता भी नजर आ रहा है।

दावा किया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी की लगातार रील बनाने की आदत से नाराज था और गुस्से में उसने यह हरकत की। हालांकि वीडियो की सत्यता और दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन घटना ने तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है।

वायरल वीडियो में युवक हरकी पैड़ी के पास गंगा घाट पर एक महिला की तस्वीर हाथ में लिए दिखाई देता है। पहले वह फोटो के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता है और फिर उसे गंगा में बहा देता है। आसपास मौजूद कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे धार्मिक आस्था का अपमान बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू हो गई।

तीर्थ पुरोहित समाज ने इस मामले को बेहद गंभीर बताया है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा कि हरकी पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां इस तरह की हरकत किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर इस तरह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना धार्मिक परंपराओं और आस्था का अपमान है।

गंगा सभा ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि हरकी पैड़ी से पहले भी कई विवादित वीडियो सामने आ चुके हैं। कभी गंगा घाट पर डांस रील बनाने, कभी शराब पीने और कभी धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन के मामले सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि आस्था के केंद्रों पर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती कब होगी।

About divyauttarakhand.com

Check Also

84 दिन भूखे रहे… फिर भी इतिहास में गुम ! अब दिल्ली से उठी बड़ी मांग

नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिमालयी क्षेत्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *