मसूरी की सड़कों पर जाम का जंजाल, गाड़ियों की अवैध पार्किंग बनी आफत

रिपोर्ट – सुमन बिष्ट

मसूरी के स्प्रिंग रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग पर हर दिन लगने वाले जाम से लोग बेहद परेशान हैं। सड़क किनारे होटल और होमस्टे के बाहर गाड़ियां और रेंट पर दी जा रही स्कूटियां बिना किसी नियम के खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे ट्रैफिक बार-बार फंस जाता है।

इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय सभासद जसबीर कौर की अगुवाई में मसूरी पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा। लोगों ने मांग की कि सड़कों पर खड़ी इन गाड़ियों को हटाया जाए और जाम की समस्या से जल्द राहत दिलाई जाए।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ मिनट की दूरी तय करने में अब उन्हें कई घंटे लग जाते हैं। कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी सिर्फ चालान काटने जैसी औपचारिक कार्रवाई ही होती है, जिससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

लोगों ने ये भी कहा कि अगर किसी आपात स्थिति में किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना पड़े, तो रास्ता जाम रहने की वजह से वो समय पर नहीं पहुंच पाएगा।

स्थानीय लोगों ने साफ कहा है कि अगर जल्द कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया तो वे खुद सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे, तो वे कानून अपने हाथ में लेने को मजबूर होंगे और इसकी पूरी ज़िम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *