Breaking News

तुंगनाथ-चंद्रशिला में अचानक गिरी आकाशीय बिजली, 2 लोग झुलसे

रुद्रप्रयाग : विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ और चंद्रशिला क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया। तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोगों के झुलसने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को शुक्रवार दोपहर करीब 2:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से चंद्रशिला-तुंगनाथ क्षेत्र में बिजली गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग तुरंत सक्रिय हो गया।

रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF, DDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया है। खराब मौसम और दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। इससे आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों में हड़कंप मच गया। घायल हुए दोनों लोगों की पहचान और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन ने कहा है कि रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी भेजे जा सकते हैं।

 

घटना के बाद प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

About divyauttarakhand.com

Check Also

नैनीताल में गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

नैनीताल जिले के भवाली-सेनिटोरियम रोड पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे उत्तराखंड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *