Breaking News

राशन कार्ड सेवाएं हुईं ऑनलाइन…अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर

देहरादून : उत्तराखंड में राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को अब पूरी तरह ऑनलाइन और आसान बना दिया गया है। भारत सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम यानी यूआरसीएमएस पोर्टल लागू कर दिया गया है।

नई व्यवस्था के बाद अब लोगों को नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने-हटाने या किसी भी तरह के संशोधन के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों और राशन की दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को आधुनिक तकनीक और आसान प्रक्रियाओं के साथ अपडेट कर यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है। इसका मकसद राशन कार्ड सेवाओं को ज्यादा पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनाना है।

नागरिक आधिकारिक पोर्टल uk.smartpds.nic.in पर जाकर Citizen Login के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।

अगर कोई व्यक्ति नया राशन कार्ड बनवाना चाहता है तो उसे आधार कार्ड आधारित ओटीपी सत्यापन के जरिए लॉगिन करना होगा। वहीं पुराने राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने या अन्य बदलाव के लिए परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आने वाला ओटीपी जरूरी होगा।

यानी राशन कार्ड में किसी भी संशोधन के लिए परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर सक्रिय होना बेहद जरूरी है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने से राशन कार्ड संबंधी सेवाएं पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और पारदर्शी होंगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन में परेशानी हो रही है…वे तहसील और जिला पूर्ति कार्यालय में जाकर भी सहायता ले सकते हैं।

इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी ने पुराने राशन कार्ड धारकों से समय रहते ई-केवाईसी कराने की अपील भी की है। उन्होंने बताया कि सभी कार्ड धारक 30 मई से पहले “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के जरिए घर बैठे अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें…ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।

 

नए राशन कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेज
सभी सदस्यों के आधार कार्ड
पासपोर्ट साइज फोटो
आय प्रमाण पत्र
परिवार के मुखिया का पैन कार्ड
बिजली बिल
बैंक पासबुक की कॉपी
गैस बुक की कॉपी
राशन कार्ड को दूसरी दुकान में ट्रांसफर कराने के लिए जरूरी दस्तावेज
प्रार्थना पत्र
बैंक पासबुक की कॉपी
गैस बुक की कॉपी
बिजली बिल
राशन कार्ड की कॉपी

सरकार का कहना है कि यूआरसीएमएस पोर्टल लागू होने से लोगों को तेज, सुरक्षित और पारदर्शी सेवाएं मिलेंगी…साथ ही राशन कार्ड व्यवस्था में तकनीकी सुधार भी होगा।

About divyauttarakhand.com

Check Also

नैनीताल में गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

नैनीताल जिले के भवाली-सेनिटोरियम रोड पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे उत्तराखंड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *