Breaking News

Dehradun: सीएम धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को पत्र लिखकर दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवाओं में चयनित हुए हजारों युवाओं को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ जनसेवा में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें दूसरी बार राज्य की सेवा का दायित्व सौंपा था। इसी जनादेश की भावना के अनुरूप सरकार ने बेरोजगारी की समस्या को कम करने और रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति दे चुकी है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड के युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और क्षमता के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य में लागू कठोर नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रणाली को युवाओं के लिए भरोसे का आधार बताया। सीएम धामी ने कहा कि निष्पक्ष चयन प्रक्रिया ने प्रतिभाशाली युवाओं को उचित सम्मान दिलाने का काम किया है और इससे भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता मजबूत हुई है।

उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से अपील की कि वे राजकीय सेवक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राज्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और समाधान के लिए तत्पर रहने को कहा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत भी की और उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। राज्य सरकार का मानना है कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी।

 

About divyauttarakhand.com

Check Also

84 दिन भूखे रहे… फिर भी इतिहास में गुम ! अब दिल्ली से उठी बड़ी मांग

नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिमालयी क्षेत्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *