Breaking News

बदरीनाथ की गुफा में साधनारत धीरेंद्र शास्त्री, 25 मई तक रहेंगे एकांतवास में

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम क्षेत्र में आध्यात्मिक साधना में लीन हैं। उच्च हिमालय की शांत वादियों और बर्फ से ढकी चोटियों के बीच स्थित एक गुफा में वह एकांत साधना कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार धीरेंद्र शास्त्री 25 मई तक गुफा के भीतर ही रहेंगे और भगवान विष्णु की आराधना तथा ध्यान साधना में समय बिताएंगे।

धीरेंद्र शास्त्री के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में वह देवताल क्षेत्र के पास हिमाच्छादित पहाड़ियों के बीच ध्यानमग्न दिखाई दे रहे हैं। उनके साधना स्थल को लेकर श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह देखा जा रहा है। बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालु और स्थानीय लोग उनके दर्शन के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री नगर पंचायत की ध्यान गुफा में रहकर तप और साधना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ वीडियो में वे खाक चौक परिसर में श्रद्धालुओं से मुलाकात करते भी नजर आ रहे हैं।

धीरेंद्र शास्त्री का बदरीनाथ आगमन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि हिमालय की तपोभूमि में उनका यह प्रवास सनातन परंपरा और साधना संस्कृति को नई चर्चा दे रहा है।

जानकारी के अनुसार 26 मई से 30 मई तक धीरेंद्र शास्त्री बदरीनाथ धाम में धार्मिक कथा का आयोजन भी करेंगे। कथा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। धाम क्षेत्र में उनके आगमन के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह का माहौल है।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रही इस साधना को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चाएं हो रही हैं और उनके समर्थक इसे आध्यात्मिक ऊर्जा तथा सनातन संस्कृति से जुड़ा विशेष क्षण बता रहे हैं।

 

About divyauttarakhand.com

Check Also

बनबसा के मझगांव में हाथी का आतंक: आधी रात घरों पर बोला धावा, ग्रामीणों में दहशत

बनबसा में बीती रात्रि एक हाथी ने मझगांव के तीन घरों में आतंक मचा एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *