पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम जट बहादरपुर में रविवार रात खूनी संघर्ष में गोली लगने से हुई युवक की मौत का मामला तूल पकड़ा गया। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और पजिनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा काटा।
अफसरों के समझाने पर पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर निकल गए, लेकिन गांव में पहुंचते ही चौराहे पर फिर रविदास मंदिर परिसर में शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के आला अधिकारियों के साथ जिलेभर की पुलिस फोर्स गांव पहुंच गई। चार घंटे तक चले हंगामे के बाद सभी आरोपियों की 36 घंटे के अंदर गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद लोग मान गए और शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
जट बहादरपुर के पूर्व प्रधान विकास कुमार और गांव के ही जतिन चौधरी के बीच काफी समय से तनातनी चली आ रही है। रविवार की रात एक्कड़ रेलवे स्टेशन व फाटक के पास दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। दोनों तरफ से जमकर मारपीट के बाद कई राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें विकास कुमार पक्ष के राजन को गोली लगी थी।
जतिन चौधरी भी घायल हो गया था। कनखल स्थित निजी अस्पताल में ले जाने पर चिकित्सकों ने राजन को मृत घोषित कर दिया था। वहीं, जतिन के परिजन उसे मेरठ लेकर जा रहे थे। तब पुलिस ने नारसन बॉर्डर पर उन्हें रोक लिया और एम्स ऋषिकेश भेज दिया। पुलिस ने रात ही राजन के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया था।